संविधान के मूल्यों की रक्षा का लिया संकल्प, कठुआ पुलिस ने मनाया संविधान दिवस
कठुआ, 26 नवंबर (हि.स.)। संविधान दिवस के अवसर पर जिला पुलिस कठुआ की ओर से जिला पुलिस कार्यालय सहित जिले के सभी पुलिस प्रतिष्ठानों में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए गए। कार्यक्रम एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस की देखरेख में संपन्न हुए।
डीपीओ कठुआ में आयोजित समारोह में अतिरिक्त एसपी कठुआ, डीएसपी मुख्यालय सहित विभिन्न पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान सभी ने भारतीय संविधान में निहित मूल्यों और आदर्शों की रक्षा करने तथा देश की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। समारोह में न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के संवैधानिक सिद्धांतों को बनाए रखने की शपथ ली गई। इस अवसर पर संविधान के महत्व और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में पुलिस की भूमिका पर भी जोर दिया गया। उल्लेखनीय है कि भारतीय संविधान 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत किया गया था और 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया