कूड़ा फैलने की घटना पर नगर परिषद कठुआ ने दी सफाई, ओवरलोडिंग के आरोप को बताया गलत

 


कठुआ, 11 अगस्त (हि.स.)। सड़क पर कचरा फैलने की हालिया घटना को लेकर नगर परिषद कठुआ ने कुछ मीडिया रिपोर्टों में किए गए ओवरलोडिंग के दावे को खारिज करते हुए इसे तथ्यात्मक रूप से गलत बताया है।

नगर परिषद की ओर से जारी स्पष्टीकरण के अनुसार कचरे को निर्धारित डंपिंग साइट तक ले जा रहे डंपर में रास्ते में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते वाहन का चेसिस पलट गया और दुर्घटनावश कचरा सड़क पर फैल गया। नगर परिषद ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए नगर परिषद के वाहन की मदद से सड़क पर फैले कचरे को हटा दिया गया और मार्ग को बिना किसी अनावश्यक देरी के सामान्य कर दिया गया। नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि कचरा फैलने की घटना वाहन के ओवरलोड होने के कारण नहीं बल्कि अचानक आई यांत्रिक खराबी और वाहन के पलटने के कारण हुई थी। नगर परिषद ने संबंधित घटना को लेकर प्रकाशित खबरों के संदर्भ में अपने स्पष्टीकरण को तथ्यात्मक स्थिति बताते हुए कहा कि भविष्य में इस मामले की रिपोर्टिंग करते समय सही तथ्यों को ध्यान में रखा जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया