कठुआ विधायक ने विकास कार्यों के लिए जारी किए 1 करोड़, ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में तेज होगी रफ्तार
कठुआ, 03 जून (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से एक करोड़ रुपये जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि यह राशि क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में खर्च की जाएगी।
विधायक ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष लगभग 4.75 करोड़ रुपये की राशि से स्वीकृत अधिकांश कार्य पूरे कर लिए गए हैं जबकि करीब 20 कार्य अभी प्रगति पर हैं। इन कार्यों में बोरवेल स्थापना, गलियों और नालियों का निर्माण, डीप कवर नालों का निर्माण, सुरक्षा कार्य, बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत, पुलियों का निर्माण, सड़कों का ब्लैकटॉपिंग, बिजली सुविधाओं का स्थानांतरण तथा बेघर परिवारों को सहायता शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि आज जारी की गई एक करोड़ रुपये की राशि से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलेगी। इसके अलावा आवास, शहरी विकास, ग्रामीण विकास और लोक निर्माण विभाग के तहत भी बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं जिससे कठुआ विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया