कठुआ विधायक ने केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से की मुलाकात, उठाए अहम मुद्दे
कठुआ, 11 जुलाई (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात कर जम्मू-कश्मीर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
विधायक ने वर्ष 2017-18 से सीआरआईएफ योजना के तहत जम्मू-कश्मीर को धनराशि जारी न किए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि मई 2026 में राज्य सरकार द्वारा सड़क व बुनियादी ढांचा विकास से संबंधित प्रस्ताव केंद्र को भेजा जा चुका है जिसे शीघ्र स्वीकृति मिलनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने वर्ष 2022 से शहरी ओबीसी वर्ग को सूची से बाहर किए जाने पर चिंता जताते हुए कहा कि इस फैसले से हजारों युवाओं के रोजगार के अवसर प्रभावित हुए हैं और इसे तत्काल संशोधित किया जाना चाहिए।
विधायक ने कठुआ में टाटा मोरी एक्सप्रेस के ठहराव को बहाल करने तथा सुजानपुर-कठुआ से बरनोटी तक नई रेल लाइन के निर्माण की मांग भी उठाई। उन्होंने बताया कि इस 18 किलोमीटर रेल लाइन का सर्वे पहले ही व्यवहार्य पाया जा चुका है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों की सराहना करते हुए संबंधित मंत्रालयों के साथ इन पर विचार करने का आश्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया