कठुआ-माधोपुर रेलवे ब्रिज नंबर-17 की बहाली का कार्य पूरा
जम्मू,, 30 मई (हि.स.)।
कठुआ और पंजाब के माधोपुर के बीच स्थित रेलवे ब्रिज नंबर-17 की बहाली का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) उत्तरी रेलवे दिनेश चंद देशवाल ने पुल का विस्तृत सुरक्षा निरीक्षण और स्पीड ट्रायल किया। इस दौरान जम्मू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद सीआरएस ने पुल पर ट्रेन संचालन की मंजूरी दे दी है जिसके बाद इस मार्ग पर रेल सेवाएं जल्द बहाल कर दी जाएंगी।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में रावी नदी में आई बाढ़ और भारी बारिश के कारण पुल का एक पिलर क्षतिग्रस्त हो गया था जिसके चलते सुरक्षा कारणों से इस रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया था। रेलवे ने युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू करते हुए क्षतिग्रस्त पिलर को नई और मजबूत नींव के साथ पुनर्निर्मित किया। साथ ही गर्डर, डेक स्लैब और रेलवे ट्रैक को भी बदला गया।
डीआरएम विवेक कुमार ने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद रेलवे टीम ने रिकॉर्ड समय में बहाली कार्य पूरा किया। पुल के पुनर्संचालन से जम्मू-कश्मीर आने-जाने वाले यात्रियों, मालगाड़ियों और कटड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार जून माह से कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता