जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट कठुआ-2026, नॉकआउट चरण में प्रवेश

 


कठुआ, 28 जुलाई (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ द्वारा नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत आयोजित जिला बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 रोमांचक मुकाबलों के साथ नॉकआउट चरण में पहुंच गया है।

25 जुलाई से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में बसोहली, बिलावर, नगरी, हीरानगर, मढ़हीन सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है। प्रतियोगिता में 25 से अधिक बालिकाओं की भागीदारी युवा वर्ग में खेलों के प्रति बढ़ते रुझान को दर्शाती है।

टूर्नामेंट के पहले दिन 33, दूसरे दिन 61, तीसरे दिन 47 और चौथे दिन 35 मुकाबले खेले जा रहे हैं। अंडर-19 बालिका व बालक सिंगल्स मुकाबले सेमीफाइनल चरण में पहुंच चुके हैं जबकि अंडर-19 बालिका डबल्स, महिला सिंगल्स तथा वेटरन पुरुष वर्ग के मुकाबले फाइनल चरण में प्रवेश कर चुके हैं।

जिला प्रशासन का उद्देश्य ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित कर नशामुक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया