कश्मीर के स्कूलों में शीतकालीन अवकाश घोषित, निचली कक्षाओं के स्कूल 30 नवंबर से रहेंगे बंद
श्रीनगर, 27 नवंबर (हि.स.)। कश्मीर स्कूल शिक्षा निदेशालय (डीएसईके) ने कश्मीर डिवीजन के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों (उच्च माध्यमिक स्तर तक) के लिए शीतकालीन अवकाश कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
कश्मीर डिवीजन के सभी विद्यालयों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शीतकालीन अवकाश रहेगा। आदेश के अनुसार प्री-प्राइमरी से कक्षा 8वीं तक के छात्र 30 नवंबर से 28 फरवरी, 2027 तक शीतकालीन अवकाश का आनंद लेंगे। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र 14 दिसंबर से 22 फरवरी, 2027 तक शीतकालीन अवकाश पर रहेंगे। आदेश में यह भी कहा गया है कि अवकाश की अवधि के दौरान सभी शिक्षण संकाय शैक्षणिक गतिविधियों के लिए उपलब्ध रहेंगे।
शिक्षण कर्मचारियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारू रूप से पुनः शुरू करने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने हेतु संस्थानों के पुनः खुलने से चार दिन पहले अपने-अपने विद्यालयों में वापस आ जाएँ। निदेशालय ने स्पष्ट कर दिया है कि संस्थानों के प्रमुखों या शिक्षण कर्मचारियों द्वारा निर्धारित अवकाश कार्यक्रम का उल्लंघन करने पर संबंधित नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति से जारी किया गया है और सूचना एवं आवश्यक कार्यान्वयन के लिए संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों, उपायुक्तों, मुख्य शिक्षा अधिकारियों और अन्य विभागों को प्रेषित किया गया है। यह घोषणा कश्मीर भर के छात्रों और अभिभावकों के लिए राहत की बात है, क्योंकि घाटी में शीत ऋतु के आगमन के साथ तापमान में भारी गिरावट जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता