कश्मीर के सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय 7 मार्च तक बंद रहेंगे।

 

श्रीनगर, 03 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में हालात को देखते हुए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने घोषणा की है कि कश्मीर के सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय 7 मार्च तक बंद रहेंगे। यह फैसला छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

मंत्री सकीना इटू ने कहा कि घाटी में विरोध-प्रदर्शनों की घटनाओं के बाद एहतियातन सभी शिक्षण संस्थानों को 7 मार्च तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार हालात पर लगातार नजर रखे हुए है। स्थिति की समीक्षा करने के बाद ही स्कूल और कॉलेज दोबारा खोलने का फैसला किया जाएगा।

बता दें कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की संयुक्त अमेरिका-इजराइल हमले में मौत के बाद जम्मू-कश्मीर में व्यापक विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए थे। इसी के मद्देनजर सरकार ने यह कदम उठाया है।

गौरतलब है कि कक्षा 8 तक के स्कूल सोमवार से दो महीने से अधिक की शीतकालीन छुट्टियों के बाद खुलने वाले थे। इससे पहले 23 फरवरी को कश्मीर संभाग और जम्मू संभाग के शीतकालीन क्षेत्रों में 9वीं से 12वीं कक्षा तक के स्कूल करीब 70 दिनों की छुट्टियों के बाद फिर से शुरू हुए थे।

सरकार के आदेश के अनुसार, 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 11 दिसंबर 2025 से 22 फरवरी 2026 तक शीतकालीन अवकाश घोषित किया गया था। वहीं प्री-प्राइमरी (बालवाटिका) कक्षाओं के लिए 26 नवंबर से 28 फरवरी 2026 तक और कक्षा 1 से 8 तक के लिए 1 दिसंबर से 28 फरवरी 2026 तक छुट्टियां निर्धारित थीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह