कश्मीर जोन पुलिस ने पिछले दो हफ्तों में यातायात नियमों के उल्लंघन के 3,000 मामलों पर की कार्रवाई
श्रीनगर, 02 नवंबर (हि.स.)। कश्मीर जोन पुलिस ने सड़क सुरक्षा अभियान के तहत पिछले दो हफ्तों में यातायात नियमों के उल्लंघन के 3,000 मामलों पर कार्रवाई की है।
अधिकारी ने सोमवार को जानकारी दी कि लगभग 1,800 वाहन जब्त किए गए जबकि कश्मीर जोन के 10 जिलों में लापरवाही से वाहन चलाने के 500 से अधिक मामले और तीन लोगों के एक साथ सवार होने के 450 मामले भी दर्ज किए गए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि 17 अक्टूबर से अब तक लापरवाही से वाहन चलाने, स्टंट बाइक चलाने और नागरिकों के जीवन को खतरे में डालने वाले अन्य अपराधों से संबंधित यातायात नियमों के उल्लंघन के 3,000 से अधिक मामलों पर कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि यातायात पुलिस ने साल की शुरुआत से ही वाहन चालकों के लिए जागरूकता अभियान चलाया था लेकिन अब उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता