कश्मीर घाटी में ईंधन या एलपीजी की कोई कमी नहीं,पर्याप्त भंडार उपलब्ध : संभागीय आयुक्त

 

श्रीनगर, 23 मार्च (हि.स.)। संभागीय आयुक्त कश्मीर अंशुल गर्ग ने सोमवार को कहा कि घाटी में ईंधन या एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और स्थिति पर कई स्तरों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

श्रीनगर में पत्रकारों से बात करते हुए संभागीय आयुक्त ने कहा कि कश्मीर भर में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही है और लगभग 10 से 15 दिनों का स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि भंडार की स्थिति बदलती रहती है, लेकिन फिलहाल हमारे पास पर्याप्त उपलब्धता है। किसी भी प्रकार की रुकावट न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए संभागीय और जिला स्तर पर निरंतर निगरानी की जा रही है।

उन्होंने आगे कहा कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति भी स्थिर है और जमाखोरी, कालाबाजारी या अधिक कीमत जैसी अनियमितताओं को रोकने के लिए जिला स्तरीय समितियां तेल विपणन कंपनियों पर कड़ी निगरानी रख रही है। गर्ग ने कहा कि जिला और संभागीय स्तर पर नियंत्रण कक्ष आपूर्ति और वितरण पर सक्रिय रूप से नजर रख रहे हैं। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग केंद्रीकृत प्रारूप में दैनिक रिपोर्ट तैयार कर रहा है, जिसकी नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है, ताकि जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर काम कर रही टीमें समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए इन शिकायतों का सक्रिय रूप से समाधान कर रही हैं। मंडल आयुक्त ने लोगों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और घबराहट से बचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अफवाहों या अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास करने की कोई आवश्यकता नहीं है। सरकार जनता को सूचित रखने और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

ईरान में फंसे जम्मू और कश्मीर के छात्रों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भारत सरकार और केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन दोनों उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समर्पित हेल्पलाइन स्थापित की गई हैं और नियंत्रण कक्षों के माध्यम से अभिभावकों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम भारत सरकार से प्राप्त प्रत्येक अपडेट परिवारों के साथ साझा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भी हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

मंडल आयुक्त ने आगे कहा कि अधिकारियों और परिवारों के बीच समन्वय में सुधार हुआ है और अभिभावक प्रशासन के साथ सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि सभी छात्र सुरक्षित और जल्द से जल्द वापस लौटें। हमें उम्मीद है कि स्थिति जल्द ही सुलझ जाएगी। प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता