कश्मीर के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई, घाटी में बारिश का दौर
श्रीनगर, 18 मार्च (हि.स.)। कश्मीर के ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में बुधवार को ताजा बर्फबारी हुई, जबकि घाटी के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने से तापमान में गिरावट आई। शोपियां जिले में मुगल रोड के पास पीर की गली और सोनमर्ग से ताजा बर्फबारी की खबरें मिलीं, जबकि घाटी के अधिकांश पहाड़ बर्फ की परतों से ढके रहे।
श्रीनगर समेत मैदानी इलाकों में बारिश हुई, जो बुधवार को आखिरी रिपोर्ट आने तक जारी रही। रविवार से घाटी के ऊंचे इलाकों में रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। मंगलवार को श्रीनगर में अधिकतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। घाटी के अन्य मौसम केन्द्रों पर भी तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। पिछले कुछ दिनों से कश्मीर में बादल छाए रहने के कारण दिन ठंडे और रातें गर्म हो रही हैं। दिन के निचले तापमान ने पिछले कुछ हफ्तों से घाटी में चल रहे असामान्य रूप से उच्च तापमान के रुझान को तोड़ दिया है।
मौसम विभाग ने 20 मार्च तक अनियमित मौसम की संभावना जताई है। कई स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। चिनाब घाटी और दक्षिण कश्मीर के कुछ ऊंचे इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी हो सकती है। मौसम कार्यालय के अनुसार 26-28 मार्च तक एक और बारिश की संभावना है और ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसमें कहा गया है कि 20 मार्च तक कुछ स्थानों पर लगभग 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गरज तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों को 20 मार्च तक कृषि कार्य स्थगित करने की सलाह दी है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता