कश्मीर के ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी, मैदानी इलाकों में भारी बारिश
श्रीनगर, 19 मार्च (हि.स.)। गुलमर्ग और सोनमर्ग के पर्यटक रिसॉर्ट्स के साथ-साथ कश्मीर के ऊंचाई वाले कई इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है, जबकि मैदानी इलाके भारी बारिश से प्रभावित हुए हैं।
उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में स्थित गुलमर्ग और मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में स्थित सोनमर्ग दोनों में ताजा बर्फबारी हुई है। गुलमर्ग रिसॉर्ट में पिछले दिन से लगभग पांच से छह इंच नई बर्फ जमा हो गई है। अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में भी ताजा बर्फबारी की सूचना है, जिसमें शोपियां जिले में मुगल रोड पर पीर की गली साथ ही राजदान टॉप, बांदीपोरा में गुरेज और कुपवाड़ा में साधना टॉप शामिल हैं। घाटी के अधिकतर ऊपरी इलाकों में रविवार से रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है l इसके विपरीत श्रीनगर सहित घाटी के मैदानी इलाके भारी बारिश से प्रभावित हुए। अधिकारियों ने कहा कि इस बारिश मौसम के कारण पूरे क्षेत्र में तापमान कम हो गया है ।
मौसम विभाग ने 20 मार्च तक अनियमित मौसम की स्थिति की भविष्यवाणी की है। शुक्रवार तक अधिकांश क्षेत्रों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है। चिनाब घाटी के ऊंचे इलाकों और दक्षिण कश्मीर के क्षेत्रों में मध्यम से भारी बर्फबारी हो सकती है। मौसम कार्यालय ने 21-24 मार्च तक आम तौर पर शुष्क मौसम का अनुमान लगाया था, लेकिन 23 मार्च को कुछ क्षेत्रों में थोड़ी बारिश या बर्फबारी की संभावना का उल्लेख किया था।
इसके अलावा 26-28 मार्च तक विशेष रूप से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है, जबकि 29-31 मार्च तक बारिश या बर्फबारी का एक और दौर होने की उम्मीद है। कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ 40-50 किमी/घंटा की गति तक तेज़ हवाएं चल सकती हैं। साथ ही अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम कार्यालय ने किसानों को 21 मार्च के बाद कृषि कार्य फिर से शुरू करने की सलाह दी है।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता