कठुआ में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, मेडिकल दुकानों व कूरियर सेवाओं पर कड़ी निगरानी
कठुआ, 23 अप्रैल (हि.स.)। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत जिला प्रशासन कठुआ और कठुआ पुलिस ने गुरूवार को जिले भर में मेडिकल दुकानों और कूरियर सेवा केंद्रों पर व्यापक संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य नशीले एवं मनोदैहिक पदार्थों की अवैध तस्करी पर रोक लगाना और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना रहा।
यह अभियान अतिरिक्त उपायुक्त कठुआ विशवजीत सिंह के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें डीएसपी मुख्यालय रविंदर सिंह, सहायक औषधि नियंत्रक कठुआ तथा आरटीओ कार्यालय के प्रतिनिधि भी शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान दवाइयों की बिक्री और वितरण से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच की गई। विशेष रूप से नियंत्रित और शेड्यूल्ड दवाओं पर फोकस रखते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि किसी प्रकार की अनियमितता न हो। इसके साथ ही कूरियर सेवा केंद्रों पर आने-जाने वाले पार्सलों की अचानक जांच भी की गई, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या प्रतिबंधित पदार्थों की आवाजाही का पता लगाया जा सके।
अधिकारियों ने कूरियर संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने और पार्सलों की जांच में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान के दौरान संबंधित हितधारकों को जागरूक भी किया गया और उनसे अपील की गई कि वे नशे के खिलाफ इस मुहिम में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि समाज को इस गंभीर समस्या से मुक्त कराया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया