भारी बारिश के बाद जेएमसी ने कई इलाकों में एक घंटे में जलभराव की समस्या दूर की

 

जम्मू,, 23 अगस्त (हि.स.)।

आज जम्मू शहर में हुई भारी बारिश के बाद जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जम्मू नगर निगम ने तुरंत कर्मचारियों, मशीनरी और क्विक रिस्पॉन्स टीमों को मैदान में उतारा। राजिंदर नगर, मुठी, पट्टा बोहड़ी, लखदाता बाजार और बनतालाब सहित कई इलाकों में तेज बारिश के कारण पानी जमा हो गया था।

राजिंदर नगर और पट्टा बोहड़ी में यूईईडी के तहत चल रहे नाला निर्माण कार्यों के पास निर्माण सामग्री जमा होने से जलभराव की स्थिति बनी। शिकायत मिलने के बाद जेएमसी की टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे में पानी की निकासी कर सामान्य स्थिति बहाल की।

जेएमसी के अनुसार फ्लड्स एसएसएएससीआई के तहत चल रहे नाला निर्माण कार्य आने वाले कुछ महीनों में पूरे होने से जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।

वहीं पवन आइसक्रीम के पास एनएचआईडीसीएल अधिकारियों के साथ समन्वय कर साइड ड्रेन में निर्माण सामग्री के कारण हुई रुकावट को हटाया गया और डी-वॉटरिंग की गई।

जेएमसी ने मानसून के दौरान संवेदनशील स्थानों पर निगरानी जारी रखने और नागरिक सुविधाओं व सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता