जम्मू नगर निगम ने वार्ड नंबर 61 में बनाया बैडमिंटन मैदान, विधायक शाम लाल शर्मा ने किया उद्घाटन

 

जम्मू,, 03 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू नगर निगम ने वार्ड नंबर 61 के पाटा पलौड़ा, अखनूर रोड क्षेत्र में बनाए गए नए बैडमिंटन मैदान का उद्घाटन किया। जम्मू उत्तर के विधायक शाम लाल शर्मा ने नगर निगम आयुक्त डॉ. देवांश यादव की मौजूदगी में इस खेल सुविधा को स्थानीय लोगों और युवाओं को समर्पित किया।

बीएसएफ स्कूल के सामने फ्लाईओवर के नीचे बनाए गए इस बैडमिंटन मैदान का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें स्वस्थ गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। नगर निगम का कहना है कि इस मैदान से आसपास रहने वाले लोगों, विशेषकर युवाओं को बैडमिंटन खेलने और खाली समय का बेहतर उपयोग करने के लिए उचित स्थान मिलेगा।

मैदान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां निगरानी कैमरे भी लगाए जाएंगे। नगर निगम की ओर से इससे पहले राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत इस स्थान पर पौधारोपण अभियान भी चलाया गया था।

इस अवसर पर विधायक शाम लाल शर्मा ने खेल सुविधा विकसित करने के लिए जम्मू नगर निगम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रिहायशी क्षेत्रों में लोगों और युवाओं के लिए खेल मैदान तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना जरूरी है। इससे युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया जा सकता है।

नगर निगम आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने कहा कि निगम शहर में सार्वजनिक स्थानों और सामुदायिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के अन्य उपयुक्त स्थानों पर भी इस तरह की सुविधाएं विकसित करने का प्रयास किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग खेल और शारीरिक गतिविधियों से जुड़ सकें।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों से बैडमिंटन मैदान की देखभाल में सहयोग करने की अपील भी की गई। लोगों से कहा गया कि यह सुविधा उन्हीं के लिए बनाई गई है, इसलिए मैदान और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखना तथा यहां लगाए गए पौधों की देखभाल करना सभी की जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता