20 साल से अधिक सेवा के बाद नियमितीकरण की मांग, जेकेटीडीसी दिहाड़ी कर्मचारियों ने उठाई आवाज

 

जम्मू, 07 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर पर्यटन विकास निगम (जेकेटीडीसी) में कार्यरत दिहाड़ी कर्मचारियों ने नियमितीकरण की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले 20 साल से अधिक समय से निगम में सेवाएं दे रहे हैं लेकिन अभी तक उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा नहीं दिया गया है।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। उनका कहना है कि लंबे समय से लगातार काम करने के बावजूद नियमितीकरण का मामला लंबित है जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को भविष्य तथा नौकरी की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

कर्मचारियों ने कहा कि दो दशक से अधिक समय तक सेवा देने के बाद उन्हें नौकरी की सुरक्षा, सम्मान और नियमित कर्मचारियों के समान सेवा लाभ मिलने चाहिए। उन्होंने सरकार और संबंधित अधिकारियों से उनकी लंबित मांग पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जेकेटीडीसी में लंबे समय से कार्यरत सभी पात्र दिहाड़ी कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएं और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए उचित नीति बनाई जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता