जेकेएसएसबी ने आगामी परीक्षाओं के लिए कई अतिरिक्त सुरक्षा उपायों की घोषणा की
श्रीनगर, 26 नवंबर (हि.स.)। हाल ही में आयोजित वित्त लेखा सहायक (एफएए) परीक्षा में हुई धोखाधड़ी को लेकर बढ़ते विरोध के बीच जम्मू- कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) ने आगामी परीक्षाओं के लिए कई अतिरिक्त सुरक्षा उपायों की घोषणा की है।
बोर्ड का कहना है कि कुछ अनैतिक तत्व परीक्षा प्रक्रिया को बाधित करने के लिए नवीनतम पद्धति का इस्तेमाल करने का प्रयास कर रहे हैं। यह कदम ऐसे समय आया है जब कई राजनीतिक नेताओं ने आगामी जेकेएसएसबी परीक्षाओं को रद्द करने की मांग की है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता और निष्पक्षता पर चिंता जताते हुए एफएए परीक्षा में अनियमितताओं के लिए जवाबदेही की मांग की है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने धोखाधड़ी मामले की जांच के दौरान पहले ही 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। ये उपाय बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक द्वारा निर्धारित किए गए हैं।
नई व्यवस्था के तहत उपायुक्त पहले से चिन्हित कर्मचारियों के समूह में से यादृच्छिक प्रक्रिया के माध्यम से निगरानी कर्मचारियों की नियुक्ति करेंगे।
परीक्षा केंद्र अभी भी उम्मीदवारों को यादृच्छिक रूप से आवंटित किए जाएंगे लेकिन एडमिट कार्ड अब परीक्षा से सात दिन पहले के बजाय केवल तीन दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध होंगे।
बोर्ड ने कहा कि उसने पुलिस विभाग के परामर्श से परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा की समीक्षा की है। मजिस्ट्रेटों को उम्मीदवारों और परीक्षा कर्मचारियों की तलाशी की निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है। वे यह भी सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति परिसर में प्रवेश न करे और परीक्षा समाप्त होने तक कोई भी व्यक्ति परिसर से बाहर न जाए। केंद्र पर तैनात सभी कर्मचारियों, जिनमें सेवा प्रदाता भी शामिल हैं को अपने मोबाइल फोन और अन्य उपकरण जमा करने होंगे जिन्हें परीक्षा समाप्त होने तक केंद्र के नियंत्रण कक्ष में ताला लगाकर रखा जाएगा।
हाल ही में कुछ उम्मीदवारों द्वारा अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल की कोशिशों को देखते हुए बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों पर जैमर की संख्या बढ़ा दी है। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी लगा रहेगा जिसकी जम्मू और श्रीनगर स्थित जेकेएसएसबी नियंत्रण कक्षों से लाइव निगरानी की जाएगी। उपायुक्तों द्वारा नियुक्त केंद्र पर्यवेक्षकों को निरीक्षकों और परीक्षा सामग्री की आवाजाही पर व्यक्तिगत रूप से निगरानी रखने का दायित्व सौंपा गया है।
उन्हें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि अनुपयोगी प्रश्न पुस्तिकाओं और अनुपस्थित उम्मीदवारों की ओएमआर शीटों की गिनती की जाए, उन्हें पैक किया जाए और सीसीटीवी निगरानी में परीक्षा हॉल के अंदर सील कर दिया जाए।
केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे केंद्रों की तैयारी के लिए किसी भी अस्थायी या आवश्यकता-आधारित कर्मचारी को नियुक्त न करें। केवल स्थायी सरकारी कर्मचारियों को ही ये कार्य सौंपे जा सकते हैं और किसी भी चूक के लिए अधीक्षक व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे। उपायुक्त परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए हवाई दस्ते भी गठित करेंगे।
जिला प्रशासन धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास प्रतिबंध लागू रखेगा और आसपास अनावश्यक आवाजाही को रोकने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता