जेकेएसबी को वित्त सहायक परीक्षा में नकल रैकेट की सच्चाई सामने आने तक आगामी सभी परीक्षाएं स्थगित कर देनी चाहिए-वहीद पारा

 

श्रीनगर, 17 नवंबर (हि.स.)। पीडीपी विधायक वहीद पारा ने मंगलवार को कहा कि जम्मू और कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसबी) को वित्त सहायक परीक्षा में नकल रैकेट की सच्चाई सामने आने तक आगामी सभी परीक्षाएं स्थगित कर देनी चाहिए। पुलिस ने रविवार को जम्मू में जेकेएसबी वित्त सहायक परीक्षा में नकल कराने की कोशिश के आरोप में 14 लोगों को गिरफ्तार किया। मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

पारा ने एक पोस्ट में कहा कि पेपर लीक, भर्ती घोटाले और बार-बार होने वाले समझौतों ने जम्मू-कश्मीर के युवाओं की उम्मीदों को अनिश्चितता और धोखे के चक्र में फंसा दिया है। एफएए नकल रैकेट उस व्यवस्था पर एक और गंभीर कलंक है जो निष्पक्ष अवसर के लिए अथक परिश्रम करने वालों को लगातार निराश कर रही है।

दक्षिण कश्मीर के पुलवामा से विधायक ने कहा कि एसआईटी को पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करना चाहिए इसमें शामिल प्रत्येक व्यक्ति की पहचान करनी चाहिए और जवाबदेही तय करनी चाहिए।

पारा ने कहा कि जब तक जांच से सच्चाई साबित नहीं हो जाती जेकेएसएसबी को आगामी जेकेपीएसआई और पुलिस कांस्टेबल परीक्षाओं को स्थगित करना चाहिए। हमारे युवाओं से यह अपेक्षा नहीं की जा सकती कि वे उस व्यवस्था पर भरोसा करते रहें जो बार-बार उनका विश्वास तोड़ती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता