पीडीडी कर्मियों और इंजीनियरों ने 13 अगस्त से विरोध प्रदर्शन का किया ऐलान

 

जम्मू,, 11 अगस्त (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर पावर एम्प्लॉइज एंड इंजीनियर्स कोऑर्डिनेशन कमेटी ने जेपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक द्वारा पीडीडी के इंजीनियरों और कर्मचारियों के निलंबन के विरोध में आंदोलन का ऐलान किया है। कमेटी के कन्वीनर इंजीनियर सचिन टिक्कू ने कहा कि कर्मचारियों और इंजीनियरों के निलंबन आदेशों को तत्काल रद्द किया जाना चाहिए।

कमेटी ने घोषणा की है कि मांगों को लेकर 13 अगस्त से विरोध प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि निलंबन की कार्रवाई को लेकर कर्मचारियों में रोष है और प्रबंधन को इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए आदेश वापस लेने चाहिए।

जम्मू-कश्मीर पावर एम्प्लॉइज एंड इंजीनियर्स कोऑर्डिनेशन कमेटी ने स्पष्ट किया कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कमेटी ने बिजली विभाग के कर्मचारियों और इंजीनियरों से आंदोलन में एकजुट होकर भाग लेने की अपील की है।

कर्मचारी संगठनों ने कहा कि वे अपने साथियों के निलंबन के आदेश वापस लेने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराएंगे और जरूरत पड़ने पर आंदोलन का दायरा बढ़ाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता