कर्मचारियों ने सरकार को मांगें पूरी करने के लिए दिए 2 महीने
जम्मू,, 02 अप्रैल (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर नेशनल हेल्थ मिशन एम्प्लॉइज एसोसिएशन ने स्वास्थ्य मंत्रालय के सकारात्मक हस्तक्षेप के बाद अपनी प्रस्तावित हड़ताल को फिलहाल टाल दिया है। सरकार की ओर से बैठक के लिए आमंत्रण मिलने के बाद एसोसिएशन ने संयुक्त समन्वय समिति कर्मचारियों के साथ सिविल सचिवालय जम्मू में स्वास्थ्य मंत्री और मिशन डायरेक्टर एनएचएम के साथ उच्च स्तरीय बैठक में भाग लिया।
बैठक के बाद एसोसिएशन ने संवाद और समाधान की दिशा में सकारात्मक रुख अपनाते हुए हड़ताल को स्थगित करने का फैसला लिया। मुख्य प्रवक्ता अब्दुल रऊफ ने बैठक को रचनात्मक और परिणामदायक बताते हुए कहा कि सरकार ने कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर गंभीरता दिखाई है।
उन्होंने बताया कि एसोसिएशन ने सरकार को अपनी प्रमुख मांगों को पूरा करने के लिए दो महीने का समय दिया है, जिनमें वेतन संशोधन, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए गोल्डन हैंडशेक और व्यापक सामाजिक सुरक्षा उपाय शामिल हैं।
अब्दुल रऊफ ने कहा कि हड़ताल को वापस नहीं लिया गया है, बल्कि केवल स्थगित किया गया है और यदि तय समय सीमा के भीतर मांगों का समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी फिर से आंदोलन तेज कर सकते हैं।
एसोसिएशन ने स्वास्थ्य मंत्री और मिशन डायरेक्टर का समय पर हस्तक्षेप करने के लिए आभार जताया और सभी कर्मचारियों की एकजुटता और अनुशासन की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता