चार वर्षों के बाद 23 जेकेएएस अधिकारियों की आईएएस में भर्ती के लिए रास्ता साफ
श्रीनगर 06 अप्रैल (हि.स.)। लगभग चार वर्षों के बाद जम्मू कश्मीर प्रशासनिक सेवा (जेकेएएस) के 23 अधिकारियों की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। यह प्रक्रिया अप्रैल के अंत तक पूरी होने की संभावना है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जम्मू और कश्मीर प्रशासन ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं और 2019 और 2020 की रिक्तियों को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) को भेज दिया है، जो भर्तियों को मंजूरी देने के लिए अंतिम बैठक आयोजित करेगा। यूपीएससी ने अपने एक सदस्य को चयन समिति का अध्यक्ष भी नामित किया है। इस समिति में केंद्र शासित प्रदेश के मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव और सामान्य प्रशासन विभाग के प्रशासनिक सचिव जैसे वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। जम्मू और कश्मीर प्रशासन में 4 अगस्त, 2022 के बाद यह पहली भर्ती प्रक्रिया होगी, जब 16 जेकेएएस अधिकारियों को आईएएस में भर्ती किया गया था। तब से यह प्रक्रिया ठप्प पड़ी रही, हालांकि कुछ कानूनी मुद्दे अभी भी बने हुए हैं, लेकिन उनके कारण प्रक्रिया में बाधा आने की संभावना नहीं है।
गौरतलब है कि वरिष्ठता विवादों और कानूनी बाधाओं के कारण लगभग 12 वर्षों तक यानी 2010 से 2022 तक भर्ती रुकी रही। विशेष रूप से 1999 बैच के अधिकारी आईएएस पदोन्नति के लिए दो दशकों से अधिक समय से प्रतीक्षा कर रहे हैं। जुलाई, 2022 में शुरू में 28 अधिकारियों को भर्ती के लिए मंजूरी दी गई थी, लेकिन सेवानिवृत्ति, इनकार, मृत्यु या लंबित मामलों के कारण 11 अधिकारियों को बाद में भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया। प्रशासन का अब लक्ष्य अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की तरह ऐसी भर्तियों को नियमित वार्षिक प्रक्रिया बनाना है, ताकि जम्मू और कश्मीर के आईएएस अधिकारियों की समय पर करियर प्रगति सुनिश्चित हो सके। चूंकि जम्मू और कश्मीर एजीएमयूटी कैडर का हिस्सा है, इसलिए आईएएस अधिकारियों की तैनाती अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम, दिल्ली, लद्दाख और अन्य केंद्र शासित प्रदेशों सहित कई क्षेत्रों में होती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह