जम्मू में भाजपा कार्यालय की ओर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के दौरान जम्मू-कश्मीर युवा कांग्रेस के नेता गिरफ्तार

 

जम्मू, 27 फ़रवरी (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर प्रदेश युवा कांग्रेस (जेकेपीवाईसी) ने गुरुवार को नई दिल्ली में भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य आईवाईसी नेताओं की अलोकतांत्रिक गिरफ्तारी के विरोध में जम्मू में भाजपा कार्यालय की ओर एक विशाल विरोध प्रदर्शन और शांतिपूर्ण मार्च का आयोजन किया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

इसका नेतृत्व जेकेपीवाईसी के महासचिव अनिरुद्ध साहनी ने जम्मू-कश्मीर के प्रभारी आईवाईसी सचिव मान सिंह राठौर की उपस्थिति में किया। जैसे ही जुलूस 'प्रधानमंत्री भ्रष्ट हैं' के नारे लगाते हुए आगे बढ़ा भाजपा कार्यालय की ओर मार्च को बढ़ने से रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। युवा कांग्रेस नेताओं को बीच रास्ते में ही रोक दिया गया हिरासत में लिया गया और बाद में जम्मू के त्रिकुटा नगर पुलिस स्टेशन ले जाया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने राष्ट्रीय नेतृत्व के खिलाफ की गई कार्रवाई की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री भ्रष्ट हैं के नारे लगाए।

पुलिस ने युवा कांग्रेस के नेताओं को हिरासत में लिया जिनमें जम्मू-कश्मीर के प्रभारी आईवाईसी सचिव मान सिंह राठौर, जेकेपीवाईसी महासचिव अनिरुद्ध साहनी जेकेपीवाईसी खेल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एडवोकेट रणजोद सिंह, जेकेपीवाईसी सचिव डॉ. सुहैब मनहास, सचिव अनमोल कोहली और अन्य शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता