जम्मू-कश्मीर में 10 और 11 अक्टूबर को विशेष मतदाता नामांकन अभियान

 

जम्मू,, 07 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसके लिए निर्वाचन विभाग 10 और 11 अक्टूबर को पूरे केंद्र शासित प्रदेश में दो दिवसीय विशेष मतदाता नामांकन अभियान चलाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव वर्मा ने अधिकारियों को अभियान के दौरान पात्र नागरिकों तक व्यापक स्तर पर पहुंच बनाने के निर्देश दिए हैं।

दोनों दिन सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बूथ स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे। नागरिक नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के साथ मतदाता सूची में नाम हटाने, त्रुटि सुधारने या अन्य विवरण अद्यतन कराने के लिए प्रपत्र 6, 7 और 8 जमा कर सकेंगे। मतदाता हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से डिजिटल सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से युवाओं, पहली बार मतदाता बनने वालों, महिलाओं और दिव्यांग नागरिकों तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सप्ताहांत पर ऐसे मतदाता सुविधा अभियान नियमित रूप से आयोजित करने की पहल भी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता