जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में आपसी झड़प में 3 सैनिक घायल
श्रीनगर, 29 मार्च (हि.स.)। कुपवाड़ा जिले में शनिवार रात एक सैन्य शिविर के भीतर फायरिंग की घटना में तीन सैनिक घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार यह घटना त्रेहगाम इलाके में स्थित एक सैन्य कैंप में हुई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, एक सैनिक ने कथित तौर पर अपने ही साथियों पर गोलियां चला दीं। घटना के बाद कैंप में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपित जवान को काबू में कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि इस फायरिंग में तीन सैनिक घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सेना और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। घटना के बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। --------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह