यात्रियों की सुविधा के लिए जम्मू तवी-मुंबई सीएसएमटी सुपरफास्ट समर स्पेशल ट्रेन का संचालन

 


जम्मू, 06 जून (हि.स.)। गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने जम्मू तवी से मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) तक सुपरफास्ट समर स्पेशल ट्रेन संख्या 04602 चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा प्रदान करेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन 7 जून, 2026 को रात 12 : 30 बजे जम्मू तवी से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 3 बजे मुंबई सीएसएमटी पहुंचेगी। यह पूर्णतः आरक्षित सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन होगी, जिसमें कुल 21 कोच लगाए गए हैं।

ट्रेन की संरचना में 2 फर्स्ट एसी कम्पोजिट, 12 थर्ड एसी, 1 सेकंड एसी, स्लीपर तथा 2 दिव्यांगजन सहित सामान्य श्रेणी के कोच शामिल किए गए हैं, जिससे विभिन्न वर्गों के यात्रियों को यात्रा में सुविधा मिल सके।

यात्रियों की सुविधा के लिए यह ट्रेन मार्ग में पठानकोट जंक्शन, जालंधर कैंट, लुधियाना जंक्शन, अंबाला कैंट, दिल्ली सफदरजंग, मथुरा जंक्शन, आगरा कैंट, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, बीना जंक्शन, भोपाल जंक्शन, इटारसी जंक्शन, भुसावल जंक्शन, मनमाड जंक्शन, नासिक रोड, कल्याण जंक्शन और दादर स्टेशनों पर ठहरेगी।

रेलवे ने लुधियाना, अंबाला कैंट, आगरा कैंट, झांसी, भोपाल, इटारसी और भुसावल स्टेशनों पर ट्रेन की तकनीकी जांच (सीटीएस) तथा जल आपूर्ति (वाटरिंग) की विशेष व्यवस्था भी की है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की समय-सारणी और आरक्षण की स्थिति की पुष्टि करने की अपील की है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह