सेवा भारती जम्मू-कश्मीर-लद्दाख की वार्षिक आम सभा सफलतापूर्वक सम्पन्न

 


कटरा, 31 मई (हि.स.)। सेवा भारती जम्मू-कश्मीर-लद्दाख की वार्षिक आम सभा का आयोजन दिशा छात्रावास कटड़ा में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रांत के 19 जिलों से आए लगभग 97 पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

इस अवसर पर अखिल भारतीय छात्रावास प्रमुख जयदेव सिंह, उत्तर क्षेत्र सेवा प्रमुख कृष्ण कुमार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सह कार्यवाह अजय, सेवा भारती जम्मू-कश्मीर-लद्दाख के अध्यक्ष राकेश झा , महासचिव प्रदीप कपूर, संरक्षक डॉ. अनिल मन्हास, उपाध्यक्ष त्रिलोक सिंह नेगी तथा संगठन मंत्री परमीत सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में बताया गया कि वर्तमान में सेवा भारती द्वारा जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 277 सेवा प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। सभी 19 जिलों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए सेवा कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

अपने उद्बोधन में जयदेव सिंह ने सेवा भारती के उद्देश्यों, सेवा कार्यों तथा देशभर में संचालित छात्रावासों की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के बच्चों को शिक्षा, संस्कार एवं बेहतर भविष्य प्रदान करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने छात्रावासों से शिक्षित होकर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे विद्यार्थियों के प्रेरक उदाहरण भी प्रस्तुत किए।

अजय कुमार ने सेवा भारती के कार्यों की सराहना करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। वहीं अध्यक्ष राकेश झा ने सभी जिला इकाइयों द्वारा किए गए सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त एवं समाजोन्मुख बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा भारती का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सेवा, संस्कार एवं संगठन के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन लाना है।

कोषाध्यक्ष अजय टाकू ने वार्षिक आय-व्यय, सहयोग राशि के स्रोतों तथा विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का वित्तीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

आपदा प्रबंधन प्रमुख राज कुमार ने बताया कि वर्षभर विभिन्न आपदाओं के दौरान सेवा भारती ने राहत एवं पुनर्वास कार्यों के माध्यम से 25,000 से अधिक परिवारों तक सहायता पहुंचाई। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सामग्री, वस्त्र, चिकित्सा सहायता एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराकर संगठन ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया।

डॉ. फारूक ने कश्मीर क्षेत्र में संचालित स्वास्थ्य शिविरों, सामाजिक जागरूकता अभियानों एवं नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवा भारती कश्मीर में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही कश्मीर में संचालित एकल विद्यालयों के कार्यों पर आधारित महसूस पुस्तक के विमोचन की जानकारी भी दी जिसका विमोचन उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा किया गया।

विक्रन कुमार ने बताया कि वर्तमान में सेवा भारती द्वारा जम्मू-कश्मीर में 9 छात्रावास तथा 17 बाल संस्कार केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सेवा भारती के अपना भोजनालय का लोकार्पण हाल ही मे उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा किया गया जो समाज सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

शिक्षा प्रमुख अरुण ने शिक्षा क्षेत्र में चल रही गतिविधियों, छात्रावासों की शैक्षणिक व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी।

प्रज्ञा नव प्रोजेक्ट की प्रभारी श्रीमती मुबीना ने कश्मीर में संचालित परियोजना के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस परियोजना के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं के शैक्षणिक, बौद्धिक तथा व्यक्तित्व विकास हेतु विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। यह परियोजना समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मार्गदर्शन एवं संस्कार पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

चेतना प्रोजेक्ट के प्रभारी सुदेश ने चेतना प्रोजेक्ट एवं किशोरी विकास प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि इन परियोजनाओं के माध्यम से युवाओं एवं किशोरियों के व्यक्तित्व विकास, संस्कार निर्माण, स्वास्थ्य जागरूकता, आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता के विकास हेतु विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं का विस्तार आने वाले समय में और अधिक क्षेत्रों तक किया जाएगा।

--

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह