सेवा भारती जम्मू ने जेएमसी के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन

 


जम्मू, 06 जून (हि.स.)। सेवा भारती जम्मू द्वारा शनिवार को सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) जम्मू के ब्लड बैंक के सहयोग से वेद मंदिर, अम्फल्ला स्थित सेवा भारती कार्यालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वयंसेवकों, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

आयोजकों के अनुसार, शिविर में लगभग 50 से 60 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं के इस योगदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी तथा कई लोगों का जीवन बचाने में मदद मिलेगी।

रक्तदान शिविर का संचालन जीएमसी जम्मू ब्लड बैंक की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम की देखरेख में किया गया। इस दौरान रक्तदान से संबंधित सभी स्वास्थ्य और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया गया, जिससे रक्तदाताओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

सेवा भारती जम्मू के पदाधिकारियों ने रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों और गंभीर रूप से बीमार मरीजों के उपचार के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने बताया कि सेवा भारती जम्मू समाज सेवा और जनकल्याण के विभिन्न कार्यों में निरंतर सक्रिय है तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को प्रोत्साहित करती रहेगी।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह