सज्जाद गनी लोन ने भाजपा को राज्यसभा सीट 'उपहार' में देने के लिए पीडीपी और एनसी को घेरा
श्रीनगर, 11 मई (हि.स.)। पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद गनी लोन ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को राज्यसभा सीट 'उपहार' में देने के लिए पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) और नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) की कड़ी आलोचना की।
श्रीनगर में एक संवाददाता सम्मेलन में लोन ने कहा कि दोनों पार्टियों ने भाजपा को राज्यसभा सीट जीतने में मदद की। लोन ने आरोप लगाया कि पीडीपी की दुर्भावनापूर्ण मंशा थी और उन्होंने अपने विधायकों के वोटों की पुष्टि के लिए कोई अधिकृत एजेंट नियुक्त नहीं किया, क्योंकि वे गड़बड़ी करने का इरादा रखते थे। एजेंट का काम विधायकों द्वारा वोटों की पुष्टि करना होता है। आरटीआई से पता चला कि पीडीपी ने कोई एजेंट नियुक्त नहीं किया था। नतीजतन तीनों सदस्यों ने अपनी मर्जी से वोट डाला, क्योंकि वोटों की जांच करने वाला कोई नहीं था।
लोन ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से भी सवाल किया और पूछा कि क्या उन्हें पीडीपी द्वारा एजेंटों की नियुक्ति न करने की जानकारी नहीं थी। लोन ने पूछा कि उमर अब्दुल्ला कह रहे हैं कि उन्हें आरटीआई के जरिए पता चला कि पीडीपी ने एजेंट नियुक्त नहीं किया था और इससे साबित होता है कि पीडीपी ने भाजपा को वोट दिया। क्या यह सच है कि एक मौजूदा मुख्यमंत्री को आरटीआई के जरिए पता चला कि पीडीपी ने एजेंट नियुक्त नहीं किया था। लोन ने कहा कि वे राज्यसभा चुनावों में क्रॉस-वोटिंग से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह