राजौरी में ड्यूटी से गायब रहने पर 2 शिक्षक निलंबित
राजौरी, 06 मई (हि.स.)। मुख्य शिक्षा अधिकारी ( सी ई ओ) राजौरी ने जोन थन्नामंडी के मिडिल स्कूल छपरांदर में तैनात दो शिक्षकों को ड्यूटी से बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने पर निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई औचक निरीक्षण के दौरान की गई। आधिकारिक आदेश के अनुसार निरीक्षण के दौरान शिक्षक मोहम्मद इमरान और शिरीन डार स्कूल में बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित पाए गए जिसे कर्त्तव्य में घोर लापरवाही और सेवा नियमों का उल्लंघन माना गया।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों शिक्षकों को जम्मू-कश्मीर सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों शिक्षकों को नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। मोहम्मद इमरान को मिडिल स्कूल नामब्लान (जोन राजौरी) और शिरीन डार को हाई स्कूल मन्याल (जोन थन्नामंडी) से अटैच किया गया है।
इसी बीच मिडिल स्कूल छपरांदर के हेड ऑफ इंस्टीट्यूशन को संस्थान में अनुशासन बनाए रखने में विफलता और खराब प्रबंधन को लेकर दो दिनों के भीतर विस्तृत स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय में जवाब न देने या देरी करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह