मंगलवार को लगातार चौथे दिन राजौरी के मांजकोट में आतंकियों की धरपकड़ के लिए अभियान जारी

 

राजौरी, 26 मई (हि.स.)। सुरक्षाबलों द्वारा चलाया जा रहा व्यापक घेराबंदी और तलाशी अभियान (सीएएसओ) मंगलवार को लगातार चौथे दिन भी राजौरी जिले के मांजकोट सेक्टर के घने जंगलों में गंभीर मुगलन और दोरिमाल में जारी रहा। यह अभियान क्षेत्र में संदिग्ध आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी के बाद शुरू किया गया है। यह संयुक्त अभियान भारतीय सेना, जम्मू और कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा पीर पंजाल क्षेत्र के दुर्गम वन क्षेत्र में चलाया जा रहा है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में क्षेत्र में सुरक्षा तैनाती में काफी वृद्धि की गई है। स्थानीय निवासी आकिब खान ने कहा, संदिग्ध आतंकवादियों की सूचना मिलने के बाद से ही गंभीर मुगलन वन क्षेत्र में सुरक्षाबलों की भारी मौजूदगी है। उन्होंने आगे कहा, पूरे क्षेत्र को कड़ी घेराबंदी में रखा गया है और तलाशी अभियान लगातार जारी है। स्थानीय निवासी सुरक्षा एजेंसियों के साथ सहयोग कर रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी।

एक अन्य निवासी मोहम्मद जावेद ने क्षेत्र के दुर्गम भूभाग की स्थिति पर प्रकाश डाला।

बता दें कि इस क्षेत्र में शनिवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच थोड़ी देर गोलीबारी हुई थी तभी से आतंकियों की धरपकड़ के लिए सुरक्षाबलों द्वारा संयुक्त अभियान जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह