राजौरी जिले के खैरसू क्षेत्र में एक नई शिव गुफा मिली

 

राजौरी, 05 मार्च (हि.स.)। राजौरी जिले के खैरसू क्षेत्र में एक नई शिव गुफा मिलने का मामला सामने आया है जिसने स्थानीय लोगों में उत्साह और धार्मिक आस्था का माहौल बना दिया है। ग्रामीणों के अनुसार गुफा के भीतर कई प्राकृतिक शिवलिंग दिखाई दे रहे हैं जिन्हें श्रद्धालु आस्था के केंद्र के रूप में देख रहे हैं। जैसे ही इस गुफा की जानकारी आसपास के इलाकों में फैली लोग बड़ी संख्या में स्थल पर पहुंचने लगे।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह स्थान धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हो सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि विशेषज्ञ टीम भेजकर गुफा की विधिवत जांच कराई जाए तथा क्षेत्र के संरक्षण और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में यह स्थल धार्मिक पर्यटन के रूप में भी विकसित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA