पशु तस्करी नाकाम पुंछ पुलिस ने वाहन जब्त कर पांच मवेशी बचाए
पुंछ 03 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में मवेशियों की अवैध ढुलाई नाकाम करने के लिए पुलिस दिन-रात प्रयास कर रही है। अवैध गतिविधियों के खिलाफ जारी अभियान में जिला पुलिस पुंछ को मवेशियों की अवैध ढुलाई रोकने में सफलता मिली है। नियमित जांच के दौरान पुलिस की एक टीम ने चांदीमढ़ में रजिस्ट्रेशन नंबर जेके12ए-0688 वाले एक टाटा मोबाइल वाहन को रोका जो बुफ़्लियाज से कश्मीर की ओर जा रहा था। जांच के दौरान वाहन में बिना किसी वैध अनुमति के पांच मवेशी ले जाए जा रहे थे, जो मौजूदा नियमों और विनियमों का उल्लंघन था।
वाहन के चालक को मौके पर ही गिरफ़्तार कर लिया गया और वाहन के साथ-साथ मवेशियों को भी कब्जे में केर लिया गया। इस संबंध में मामले का संज्ञान लिया गया है और क़ानून के अनुसार आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA