जम्मू-कश्मीर को राज्य के दर्जे की बहाली की मांग, नेशनल कॉन्फ्रेंस का विरोध प्रदर्शन
श्रीनगर, 05 अगस्त (हि.स.)। सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस नेताओं ने बुधवार को अनुच्छेद 370 हटाने की सातवीं वर्षगांठ पर जम्मू और कश्मीर के पूर्ववर्ती राज्य के विशेष दर्जे की बहाली की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
मंत्री सकीना इटू के नेतृत्व में नेशनल कॉन्फ्रेंस के कई नेता, विधायक और कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय नवा-ए-सुबह में एकत्रित हुए और विरोध मार्च निकाला। अनुच्छेद 370 और विशेष दर्जे के समर्थन में तख्तियां लिए प्रदर्शनकारियों ने पार्टी कार्यालय परिसर से मार्च निकालने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
पत्रकारों से बात करते हुए शिक्षा और सामाजिक कल्याण मंत्री इटू ने कहा कि हमारा विशेष दर्जा और अधिकार बहाल किए जाएं। हमारी पार्टी तब से ही हमारे अधिकारों की बहाली के लिए शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रही है। इटू ने कहा कि पार्टी मांग करती है कि जम्मू-कश्मीर को प्राप्त अधिकार और गारंटी बहाल की जाएं।
उन्होंने आगे कहा कि हमने विधानसभा में दो-तिहाई बहुमत से एक प्रस्ताव पारित किया है और मंत्रिमंडल में भी एक प्रस्ताव पारित किया है, जिसे केंद्र सरकार को भेज दिया गया है, ताकि जनता की आवाज उन तक पहुंचे और जिन अधिकारों को छीना गया है उन्हें बहाल किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता