जम्मू-कश्मीर लोक भवन ने अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम का राज्य दिवस मनाया

 


जम्मू, 20 फ़रवरी (हि.स.)।

जम्मू कश्मीर लोक भवन में अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम का राज्य स्थापना दिवस मनाया गया। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लोगों के स्वास्थ्य और समृद्धि तथा क्षेत्र के तीव्र सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए प्रार्थना की।

उपराज्यपाल ने एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को कायम रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत इसे विश्व स्तर पर विशिष्ट बनाती है साथ ही एकता और सद्भाव के आदर्शों को बढ़ावा देती है।

अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम मात्र भौगोलिक इकाइयाँ नहीं हैं वे राष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत और एकता के जीवंत प्रतीक हैं। ये दोनों राज्य भारत के चमकते हीरे हैं। इनकी अनूठी पारंपरिक संस्कृति और सशक्त सामुदायिक मूल्यों का संगम पूरे देश के लिए लचीलेपन और सद्भाव का आदर्श है।

उपराज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की परिवर्तनकारी विकास यात्रा पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने दोनों राज्यों के महान व्यक्तित्वों और हस्तियों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता