युवा खिलाड़ियों से नशा मुक्त भारत अभियान के ब्रांड एंबेसडर बनने का आह्वान
श्रीनगर, 04 मई (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को युवा खिलाड़ियों से नशा मुक्त भारत अभियान के ब्रांड एंबेसडर बनने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से खेल और सोशल मीडिया का उपयोग करके नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आग्रह किया।
उपराज्यपाल कश्मीर विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय वुशु चैंपियनशिप (पुरुष और महिला) के उद्घाटन के अवसर पर बोल रहे थे, जिसमें देश भर के 150 से अधिक विश्वविद्यालयों के 1000 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। जम्मू और कश्मीर में चल रहे 23 दिवसीय नशा-विरोधी अभियान का जिक्र करते हुए सिन्हा ने कहा कि इस अभियान को मजबूत बनाने के लिए युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने खिलाड़ियों से जागरूकता फैलाने वाले छोटे वीडियो बनाने और उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा करने का आग्रह किया, ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हो सकें।
उन्होंने कहा कि मैं प्रत्येक छात्र-खिलाड़ी से 20 से 60 सेकंड का एक छोटा वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने का अनुरोध करता हूं। आपका संदेश कई युवाओं को सही रास्ते पर ले जा सकता है। खिलाड़ियों को समाज के लिए आदर्श बताते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि उनकी जिम्मेदारी खेल उपलब्धियों से कहीं अधिक है। आप भारत की नई पीढ़ी के आदर्श हैं। आपकी आवाज़ युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल और अनुशासन की ओर ले जाने में मदद कर सकती है।
सिन्हा ने इस बात पर ज़ोर दिया कि खेल आयोजनों को सामाजिक ज़िम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के मंच के रूप में भी काम करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि यह चैंपियनशिप सिर्फ़ पदक जीतने के बारे में नहीं है, बल्कि अनुशासन, चरित्र निर्माण और एक स्वस्थ समाज के निर्माण के बारे में है।अपने आह्वान को दोहराते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में सामूहिक प्रयास और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ज़रूरी है, ताकि नशामुक्त भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह