खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों को सीखने का सशक्त मंच है : उपराज्यपाल

 


जम्मू, 28 फरवरी (हि.स.)। जम्मू और कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि नई पीढ़ी असीमित संभावनाओं का प्रतिनिधित्व करती है और देश के युवाओं के पास हर चुनौती का समाधान है। उपराज्यपाल ने ये बातें शनिवार को जम्मू विश्वविद्यालय क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित सिख क्रिकेट प्रीमियर लीग (एससीपीएल) के दूसरे संस्करण के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहीं।

उपराज्यपाल ने कहा कि यदि युवाओं को उचित अवसर, सशक्त मंच और सही मार्गदर्शन प्रदान किया जाए तो वे इतिहास रचने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि सिख क्रिकेट प्रीमियर लीग जैसे आयोजन युवाओं के बहुआयामी व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे खेल आयोजन अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, धैर्य और आत्मविश्वास जैसे मूल्यों को विकसित करते हैं।

उपराज्यपाल ने अखिल जम्मू-कश्मीर सिख समन्वय समिति एवं हरि सिंह नलवा क्रिकेट क्लब, जम्मू की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने विशेष रूप से इस पहल की प्रशंसा की कि प्रतियोगिता की प्रत्येक टीम में विभिन्न समुदायों के युवाओं को शामिल किया गया है, जिससे समावेशिता और सामाजिक एकता को बढ़ावा मिल रहा है।

उपराज्यपाल ने खिलाड़ियों से मैदान के भीतर और बाहर अनुशासन तथा एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति भौतिक संसाधनों में नहीं, बल्कि नए विचारों और सकारात्मक सोच में निहित होती है।

उन्होंने कहा, “हमारे युवाओं की ऊर्जा नदी के समान है। जब इसे उद्देश्यपूर्ण दिशा मिलती है तो यह विकास और प्रगति का स्रोत बन जाती है। राष्ट्र निर्माण की यात्रा में मुझे अपने युवाओं पर पूरा विश्वास है कि वे रुकेंगे नहीं, झुकेंगे नहीं और थकेंगे नहीं।”

उपराज्यपाल ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों को सीखने का सशक्त मंच है। जब युवा बड़े उद्देश्य से जुड़ते हैं तो वे परिवर्तन की आवश्यकता और व्यापक दृष्टिकोण को समझते हैं। उन्होंने उद्यमिता और खेल दोनों को युवाओं के सर्वांगीण विकास का आधार बताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में जम्मू-कश्मीर के खेल ढांचे में ऐतिहासिक परिवर्तन हुआ है। प्रधानमंत्री विकास कार्यक्रम (पीएमडीपी) के तहत मिली वित्तीय सहायता से केंद्र शासित प्रदेश में विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का विकास किया गया है।

उपराज्यपाल ने जानकारी दी कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर दौरे के दौरान बीसीसीआई, फीफा तथा अन्य खेल संगठनों के सहयोग से प्रदेश में खेल विकास के लिए 200 करोड़ रुपये की सहायता का आश्वासन दिया है।

इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर सिख समन्वय समिति के अध्यक्ष एस. अजीत सिंह, बहू से विधायक विक्रम रंधावा, संभागीय आयुक्त जम्मू रमेश कुमार, आईजीपी जम्मू भीम सेन तुती, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के निदेशक शक्ति पाठक सहित विभिन्न सिख संगठनों के प्रतिनिधि, खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह