एलजी मनोज सिन्हा ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में दिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश
श्रीनगर, 23 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा और मौसम की चुनौतियों के बीच उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने, खुफिया जानकारी के आधार पर आतंकवाद-विरोधी अभियानों को तेज करने और सुरक्षा से जुड़े नए खतरों को समय रहते खत्म करने का निर्देश दिया।
उपराज्यपाल ने हाल ही में खराब मौसम और इलाके में भारी बारिश को देखते हुए चल रही अमरनाथ यात्रा के लिए लॉजिस्टिक्स और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर तालमेल बनाए रखने और बाबा बर्फानी के सभी तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, भलाई और सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी सुविधाओं की विभाग-वार व्यापक समीक्षा करने का निर्देश दिया, जिसमें फायर और इमरजेंसी सेवाओं, पावर ग्रिड और पानी की सप्लाई के बुनियादी ढांचे का कड़ाई से पालन करना शामिल है।
इस बैठक में नॉर्दर्न कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा, अटल डुल्लू मुख्य सचिव, नलिन प्रभात डीजीपी, एसजेएम जीलानी स्पेशल डिजी कोऑर्डिनेशन, लेफ्टिनेंट जनरल बलबीर सिंह जीओसी 15 कोर, लेफ्टिनेंट जनरल पीके मिश्रा जीओसी 16 कोर, चंद्रकर भारती प्रधान सचिव गृह, पंकज ठाकुर अतिरिक्त निदेशक इंटेलिजेंस ब्यूरो, डॉ. मनदीप के भंडारी, लेफ्टिनेंट गवर्नर के प्रधान सचिव और सीईओ श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड नीतीश कुमार, एडीजीपी सीआईडी, डिविजनल कमिश्नर, डिप्टी कमिश्नर, आईजीपी, सिविल प्रशासन, पुलिस, सेना, सुरक्षाबलों, खुफिया एजेंसियों और श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह