जम्मू-कश्मीर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी : उपराज्यपाल

 


बारामुला, 12 मई (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि सरकार के मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत जम्मू-कश्मीर में 2 लाख से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में मादक पदार्थों तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

बारामूला में एक पदयात्रा को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि प्रशासन और पुलिस ने मादक पदार्थों के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए जागरूकता और प्रवर्तन उपायों को तेज कर दिया है। उन्होंने मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने और जनता के बीच जागरूकता अभियान चलाने के लिए पुलिस की सराहना की। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा और अवैध मादक पदार्थों के व्यापार में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि हम इस अभियान को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ वाहन पंजीकरण रद्द करना, लुकआउट नोटिस जारी करना और संपत्ति जब्त करना जैसे उपाय किए जाएंगे, चाहे वे कहीं भी हों।

उपराज्यपाल ने दोहराया कि मादक पदार्थों का सेवन करने वाले व्यक्तियों को पीड़ित माना जाना चाहिए और करुणा के साथ उनका पुनर्वास किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले 30 दिनों से मैं लगातार कह रहा हूं कि मादक पदार्थों का सेवन करने वाले पीड़ित हैं, अपराधी नहीं। हम प्यार से उनकी देखभाल करेंगे और उन्हें सामान्य जीवन में वापस लाएंगे। सिन्हा ने व्यापक जनभागीदारी का आह्वान करते हुए लोगों से आग्रह किया कि यदि कोई मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल हो या चल रहे नशा-विरोधी अभियान में किसी प्रकार की ढिलाई बरती जाए तो अधिकारियों को सूचित करें। उन्होंने कहा कि हमारे लिए अब हर मिनट महत्वपूर्ण है। यदि अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही बरती जा रही है तो लोगों को हमें सूचित करना चाहिए और हम उस पर कार्रवाई करेंगे।

उन्होंने धार्मिक विद्वानों, उपदेशकों, वरिष्ठ नागरिकों और नागरिक समाज के सदस्यों से भी मादक पदार्थों के विरुद्ध आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लेने और युवाओं को व्यसन से बचाने में मदद करने की अपील की। उपराज्यपाल ने आगे कहा कि यह एक सामूहिक प्रयास है और समाज के सभी वर्गों को इसमें शामिल होना चाहिए। हम जम्मू-कश्मीर को नशामुक्त बनाना चाहते हैं और अपने युवाओं को हर कीमत पर बचाना चाहते हैं।

----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह