जम्मू कश्मीर लोक भवन में बिहार दिवस का उत्सव आयोजित
जम्मू, 22 मार्च (हि.स.)। जम्मू कश्मीर लोक भवन में आज बिहार दिवस का भव्य आयोजन हुआ।
'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना का जश्न मनाते हुए इस सांस्कृतिक संध्या में जम्मू कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में रहने वाले बिहार के वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, छात्र और जनता एक साथ आए।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस अवसर पर बिहार की जनता को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने बिहार के महान क्रांतिकारियों और व्यक्तित्वों को श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्र के विकास और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके बहुमूल्य योगदान को याद किया।
उपराज्यपाल ने इस बात पर प्रकाश डाला कि चंद्रगुप्त मौर्य और चाणक्य काल से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन तक बिहार हमेशा से राष्ट्र की ढाल और भारत की एकता तथा आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, बौद्धिक और आर्थिक जीवन का केंद्र रहा है।
मगध साम्राज्य के हृदयस्थल के रूप में बिहार ने एक विशिष्ट पहचान बनाई है।। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य अपनी प्राचीन गौरवशाली स्थिति को पुनः प्राप्त कर रहा है और एक बार फिर व्यापक विकास और नवाचार के प्रमुख चालक के रूप में उभर रहा है।
उपराज्यपाल ने भारत के औद्योगिक और शैक्षिक परिदृश्य में बिहार के अभूतपूर्व योगदान और वास्तुकला, संगीत, कला और साहित्यिक परंपराओं पर इसके गहन प्रभाव का भी उल्लेख किया
हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA