बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दरबार में नमन के लिए पहुंचे
Jammu, 20 मार्च (हि.स.) नवरात्रों के दौरान मां भगवती के दरबार में नमन करने से विशेष आशीर्वाद मिलता है। इसी आस्था को लेकर शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दरबार में नमन के लिए पहुंचे। पंजीकरण कक्ष से मिले आंकड़ों के दुसरे चैत्र नवरात्रि पर 30690 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दरबार में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।
वैष्णो देवी भवन पर रंग-बिरंगे देशी व विदेशी फूलों से की गई सजावट भक्तों को आकर्षित कर रही है।
बोर्ड प्रशासन द्वारा समूचे यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। वैष्णो देवी भवन सहित यात्रा मार्ग पर बने भोजनालय में फलाहार आदि की भी व्यवस्था की गई है।
सुबह से ही माता वैष्णो देवी मंदिर में माथा टेकने वालों का तांता लगा रहा। हालांकि सुबह से ही कटड़ा सहित भवन क्षेत्र में हल्की बारिश जारी रही, लेकिन इससे भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं आई।
श्रद्धालु बारिश के बीच भी “जय माता दी” के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते नजर आए। प्रशासन की ओर से भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि सभी भक्त सुचारू रूप से दर्शन कर सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA