पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के लिए अब 1 अगस्त तक जमा की जा सकेंगी फ़िल्में

 

श्रीनगर, 31 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में होने वाले पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के लिए फिल्म जमा करने की अंतिम तिथि 1 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। चार दिवसीय इस महोत्सव में चुनिंदा फिल्मों की स्क्रीनिंग, संवादात्मक सत्र, मास्टरक्लास, पैनल चर्चा और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल होंगे, जो फिल्म निर्माताओं, उद्योग विशेषज्ञों, छात्रों और सिनेमा प्रेमियों को विचारों का आदान-प्रदान करने और सहयोग के नए रास्ते तलाशने के अवसर प्रदान करेंगे।

जम्मू-कश्मीर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से यह अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 7 से 10 सितंबर तक होगा। इस महोत्सव का उद्देश्य जम्मू और कश्मीर को सिनेमा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के एक जीवंत केंद्र के रूप में स्थापित करना है। साथ ही दुनिया भर के फिल्म निर्माताओं को अपना काम प्रदर्शित करने के लिए एक प्रतिष्ठित मंच प्रदान करना है। इस महोत्सव का उद्देश्य सिनेमा के माध्यम से जम्मू-कश्मीर की संस्कृति को बढ़ावा देना, कलात्मक उत्कृष्टता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सिनेमाई नवाचार को प्रोत्साहित करना है, जिसके लिए विश्व भर की उत्कृष्ट फिल्मों का प्रदर्शन और सम्मान किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह