रैनावारी इलाके में ड्रग तस्कर से जुड़ी तीन मंजिला आवासीय इमारत ध्वस्त

 

श्रीनगर, 04 जून (हि.स.)। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए श्रीनगर पुलिस ने राजस्व विभाग के समन्वय से श्रीनगर के रैनावारी इलाके में लगभग 2 करोड़ रुपये मूल्य की एक अवैध रूप से निर्मित तीन मंजिला आवासीय इमारत को ध्वस्त कर दिया। यह संपत्ति एक कथित ड्रग तस्कर से जुड़ी थी और अवैध तरीकों से अर्जित की गई संपत्तियों की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि यह ढांचा अतिक्रमित सरकारी भूमि पर बनाया गया था। संपत्ति के सत्यापन के दौरान जांचकर्ताओं ने पाया कि यह इमारत अवैध रूप से अर्जित संपत्ति थी और मादक पदार्थों से संबंधित गतिविधियों से प्राप्त आय से जुड़ी थी। कानूनी प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद और राजस्व अधिकारियों की उपस्थिति में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों और उनकी वित्तीय संपत्तियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत इमारत को ध्वस्त कर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता