गांदरबल में आईईडी बरामद, सुरक्षा बलों ने क्षेत्र को घेरा

 

गांदरबल, 21 फरवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में शनिवार को सुरक्षा बलों ने एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का पता लगाया, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, आईईडी को एक बैग में रखकर जिले के सफापोरा क्षेत्र स्थित कोहेस्तान कॉलोनी के पास गुलाब शेख मोहल्ला में सड़क किनारे छोड़ा गया था। नियमित तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को संदिग्ध बैग दिखाई दिया, जिसके बाद इलाके को तत्काल घेर लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। टीम द्वारा आईईडी को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एहतियातन आसपास के क्षेत्र में आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई गई है।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आईईडी रखने के पीछे की साजिश का पता लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।

आगे की विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह