कश्मीर में बारिश के बीच गुरेज में ताज़ा बर्फ़बारी
गुरेज, 17 सितंबर (हि.स.)।
गुरुवार को उत्तरी कश्मीर की गुरेज घाटी में काबुल गली में ताज़ा बर्फ़बारी हुई जबकि कश्मीर में व्यापक बारिश हुई और दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई।
श्रीनगर में पिछले 24 घंटों में 8.2 मिमी बारिश दर्ज की गई जबकि काज़ीगुंड, पहलगाम और गुलमर्ग में क्रमशः 13.4 मिमी, 13 मिमी और 13.2 मिमी बारिश हुई।
जम्मू डिवीज़न के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में उधमपुर में 117.8 मिमी, जम्मू में 112.9 मिमी और कटरा में 45.2 मिमी बारिश हुई। इस बीच लगभग 4,167 मीटर की ऊंचाई पर स्थित काबुल गली में हल्की से मध्यम बर्फ़बारी हुई जिससे ऊंचे पहाड़ी दर्रे और आसपास के इलाके बर्फ़ की एक नई परत से ढक गए। यह दर्रा गुरेज की तुलेल घाटी को लद्दाख के द्रास सेक्टर की ओर मुशकोह घाटी से जोड़ता है। बर्फ़बारी से कोई बड़ी रुकावट नहीं आई हालांकि ऊंचाई वाले इलाकों की ओर जाने वाले यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
मौसम में आए इस बदलाव के कारण पूरे क्षेत्र में तापमान में गिरावट आई है और ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह