एनसी ने वोट हासिल करने के लिए वादे किए लेकिन उन्हें पूरा करने में विफल रही: डॉ अंद्राबी

 

श्रीनगर, 20 मई (हि.स.)। जम्मू और कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ अंद्राबी ने बुधवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) पर दो साल पहले भारी जनादेश मिलने के बावजूद जनता को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र शासित प्रदेश को समय आने पर राज्य का दर्जा बहाल कर दिया जाएगा।

मीडिया से बात करते हुए डॉ. अंद्राबी ने आरोप लगाया कि एनसी ने वोट हासिल करने के लिए वादे किए लेकिन उन्हें पूरा करने में विफल रही। उन्होंने कहा कि उन्होंने जनता को धोखा दिया। आज वह धोखा देख रहे हैं, आज हर कोई भाजपा का हाथ थामना चाहता है।

उन्होंने दावा किया कि एनसी के कई जमीनी कार्यकर्ता अब भाजपा में शामिल हो रहे हैं जिसका श्रेय उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि को दिया।

राज्य के दर्जे के बारे में डॉ. अंद्राबी ने कहा कि संसद में हमारे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने राज्य के दर्जे के बारे में जो कहा है, ईश्वर की कृपा से वह जरूर होगा लेकिन समय आने पर। उन्होंने पीडीपी और कांग्रेस पर भी हमला करते हुए उन पर जम्मू-कश्मीर के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित रखने का आरोप लगाया।

उन्होंने आगे कहा, “ये लोग खुद केंद्र सरकार के पास जाते हैं, लेकिन यहां के लोगों को वंचित रखने की कोशिश कर रहे हैं। आज हर कोई भाजपा के साथ चलना चाहता है, प्रगति और विकास के साथ चलना चाहता है।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह