डेली वेजर्स संघर्ष समिति ने विधानसभा घेराव की कोशिश की

 

जम्मू,, 10 अगस्त (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर डेली वेजेस संघर्ष समिति की ओर से आज अपनी मांगों को लेकर विधानसभा का घेराव करने की कोशिश की गई। बड़ी संख्या में डेली वेजर्स विधानसभा की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे जिसके चलते मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। प्रदर्शन की अगुवाई सन्नी चिब कर रहे थे।

प्रदर्शनकारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर नारेबाजी की और सरकार से जल्द समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी सेवाओं को नियमित करने, रोजगार से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने और अन्य लंबित मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे हैं।

विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों ने मौके पर बैरिकेडिंग की। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच काफी देर तक गतिरोध की स्थिति बनी रही। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।

संघर्ष समिति के सदस्यों ने कहा कि उनकी मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए और डेली वेजर्स के भविष्य को लेकर ठोस नीति बनानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता