अवैध खनन पर कार्रवाई, दो साल में 13,692 वाहन जब्त
जम्मू,, 17 मार्च (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले दो वर्षों में 13,692 वाहनों को जब्त किया गया है और 446 एफआईआर दर्ज की गई हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024-25 में 6,219 वाहनों को जब्त किया गया, जबकि 2025-26 में (दिसंबर 2025 तक) यह संख्या बढ़कर 7,473 हो गई।
कानूनी कार्रवाई के तहत 2024-25 में 212 एफआईआर दर्ज की गईं, जबकि 2025-26 में अब तक 234 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिससे कार्रवाई में बढ़ोतरी साफ दिखाई देती है। जिलों में कुपवाड़ा में 2025-26 के दौरान सबसे अधिक 859 वाहन जब्त किए गए, इसके बाद कठुआ (796) और बारामूला (701) का स्थान रहा।
वहीं 2024-25 में जम्मू जिला 880 जब्त वाहनों के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि सांबा और बडगाम में भी बड़ी संख्या में कार्रवाई की गई। एफआईआर के मामले में 2025-26 में बडगाम सबसे आगे रहा, जहां 51 मामले दर्ज हुए। अधिकारियों के अनुसार, यह बढ़ोतरी सख्त निगरानी, नदी क्षेत्रों में कार्रवाई और विभिन्न एजेंसियों के बेहतर समन्वय का परिणाम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता