ज़ोजिला सुरंग का सफल निर्माण एक ऐतिहासिक उपलब्धि :उमर अब्दुल्ला
ज़ोजिला, 09 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को ज़ोजिला सुरंग के सफल निर्माण को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे कश्मीर और लद्दाख के बीच साल भर संपर्क सुनिश्चित करने का लंबे समय से चला आ रहा लक्ष्य पूरा हुआ है।
समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री उमर ने लद्दाख के लोगों को बधाई दी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और उनकी टीम को परियोजना को उस स्तर तक पहुंचाने के लिए धन्यवाद दिया जहां अब हर मौसम में संपर्क संभव है।
उन्होंने कहा कि सर्दियों में ज़ोजिला मार्ग के बंद रहने से लंबे समय से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था और यह सुरंग शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन, व्यापार और वाणिज्य तक पहुंच में सुधार करके लोगों के जीवन में बदलाव लाएगी।
उमर ने कहा, इस सुरंग का वास्तविक प्रभाव स्थानीय निवासियों - छात्रों, रोगियों और व्यापारियों के जीवन में दिखेगा। यह परियोजना ऐसा बदलाव लाएगी जिसे आज पूरी तरह से मापना मुश्किल है। शेष कार्य के शीघ्र पूर्ण होने की आशा व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता इस क्षेत्र की एक प्रमुख आकांक्षा की पूर्ति का प्रतीक है। हालांकि उन्होंने कारगिल निवासियों की एक और लंबे समय से लंबित मांग को उठाया और गडकरी साहब से क्षेत्र के लिए नियमित हवाई संपर्क की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “हमने गंभीर प्रयास किए लेकिन सफल नहीं हो सके। मैं गडकरी साहब से कारगिल के लोगों की इस मांग को पूरा करने में मदद करने का अनुरोध करता हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से विकास और एकीकरण को और बढ़ावा मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह