केंद्र सरकार ने आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति का आश्वासन दिया है: उमर अब्दुल्ला।
जम्मू, 28 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार ने केंद्रशासित प्रदेश में ईंधन और एलपीजी सहित सभी आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति का आश्वासन दिया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे शांत रहें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बुलाई गई एक महत्वपूर्ण बैठक में देशभर के मुख्यमंत्रियों ने भाग लिया ( उन पांच राज्यों को छोड़कर जहां चुनाव हो रहे हैं)। इस बैठक में वैश्विक परिस्थितियों, विशेष रूप से होर्मुज और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव तथा उनके संभावित प्रभावों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान कैबिनेट सचिव ने विस्तृत प्रस्तुति देते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय हालात के बावजूद भारत में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, केंद्र सरकार ने भरोसा दिलाया है कि किसी भी आवश्यक वस्तु की कमी नहीं होने दी जाएगी।
अब्दुल्ला ने कहा कि हाल के दिनों में गलत सूचनाओं के कारण पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें और एलपीजी सिलेंडरों को लेकर अफरा-तफरी की स्थिति देखी गई। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे ऐसी भ्रामक खबरों से दूर रहें, क्योंकि सरकार रोजाना आपूर्ति की स्थिति की निगरानी कर रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल और केरोसिन की पर्याप्त उपलब्धता है। पश्चिम एशिया में तनाव के चलते शुरुआत में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों के वितरण पर कुछ प्रतिबंध लगाए गए थे और इसे 20 प्रतिशत तक सीमित किया गया था, जिसे अब बढ़ाकर 70 प्रतिशत कर दिया गया है। हालांकि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के उपयोग पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान देश ने “टीम इंडिया” के रूप में एकजुट होकर चुनौतियों का सामना किया था और भविष्य में भी इसी भावना के साथ किसी भी संकट से निपटा जाएगा।
अंत में, उन्होंने दोहराया कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है और सरकार हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह