सीएम अब्दुल्ला ने समयबद्ध भर्ती के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई, इस वर्ष होंगी 30 हजार नियुक्तियां

 

जम्मू, 20 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने विधानसभा के चल रहे बजट सत्र के प्रश्नकाल के दौरान आज दोहराया कि उनकी सरकार समयबद्ध तरीके से रिक्त पदों को भरने के लिए प्रतिबद्ध है और घोषणा की कि चालू वर्ष में 30 हजार से अधिक रिक्त पदों को भरा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सदस्य प्रो. घरू राम भगत के एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि रिक्तियों के मूल्यांकन और वैधानिक प्रावधानों के अनुसार संबंधित भर्ती एजेंसियों को समय पर जानकारी भेजने के लिए संस्थागत तंत्र मौजूद हैं। उन्होंने आगे कहा कि आवश्यक सेवाओं और जमीनी स्तर के कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों में पर्याप्त कर्मचारी संख्या बनाए रखी जाती है। जहां भी आवश्यक हो, स्थापित नियमों के अनुसार अंतरिम प्रशासनिक व्यवस्थाएं अपनाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने रिक्त पदों को भरने में तेजी लाने के लिए कई उपाय किए हैं।

बजट सत्र के प्रश्नकाल के दौरान डॉ. बशीर अहमद शाह वेरी के एक प्रश्न का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने विधानसभा को यह भी बताया कि दिसंबर, 2023 से बिजली शुल्क में कोई वृद्धि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मीटर वाले क्षेत्रों में बिजली की वास्तविक खपत के अनुसार ही बिलिंग की जाती है, जबकि बिना मीटर वाले क्षेत्रों में बिना किसी मनमानी के तय लोड के अनुसार एक समान दर पर बिल बनाए जाते हैं। मुख्यमंत्री ने आगे स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं से कुल तकनीकी एवं वाणिज्यिक (एटी एंड सी) हानियों की वसूली नहीं की जाती है।

इस बीच मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने विधानसभा को सूचित किया कि रामगढ़ निर्वाचन क्षेत्र में तीन पर्यटन परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं और एक परियोजना पूंजीगत व्यय बजट के तहत कुल 307.12 लाख की लागत से प्रगति पर है। उन्होंने सदन को सूचित किया गया कि वर्ष 2026-27 के लिए पर्यटन विकास योजना अभी तक तैयार नहीं की गई है। हालांकि, रामगढ़ निर्वाचन क्षेत्र के लिए 2026-27 के लिए नई परियोजनाओं पर विचार किया जाएगा, बशर्ते कि वे स्थापित पर्यटन मानदंडों के अनुसार व्यवहार्य हों, निधियों की उपलब्धता हो और आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त हों।

एक अन्य प्रश्न का उत्तर देते हुए पर्यटन विभाग भी संभाल रहे मुख्यमंत्री ने बताया कि सिद्ध गोरिया मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए पूंजीगत व्यय बजट के तहत 123.41 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों में आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण, पार्किंग और शौचालय ब्लॉकों का निर्माण, तालाब का विकास, उच्च स्तंभों पर बत्तियां लगाना और चालू करना तथा संबंधित कार्य शामिल थे। उन्होंने बताया कि परियोजना भौतिक रूप से पूर्ण हो चुकी है।

उन्होंने आगे कहा कि बाबा चामल्याल मंदिर के विकास के लिए पूंजीगत व्यय बजट के तहत 100 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। स्वीकृत कार्यों में फर्श और पगडंडियों का निर्माण, बत्तियां लगाना तथा संबंधित कार्य भौतिक रूप से पूर्ण हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि विभाग धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए फ्लेक्स होर्डिंग्स, समाचार पत्रों में विज्ञापन और पुस्तिकाओं के माध्यम से सिद्ध गोरिया मंदिर और बाबा चामल्याल मंदिर में वार्षिक मेले का प्रचार करता है। गंगा माता मंदिर, बानू मंदिर और राम मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों के संबंध में उन्होंने कहा कि व्यवहार्यता, धन की उपलब्धता और आवश्यक स्वीकृतियों के अधीन भविष्य में इनके विकास पर विचार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह